दिल्लीवासियों को सरकार की पहली एनिवर्सरी पर मिली बड़ी सौगात, 500 EV बसों से सफर होगा और भी सुहाना

रामलीला मैदान से सीएम रेखा गुप्ता और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने 500 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई, दिल्ली में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा।

हिंदी: Feb 14, 2026 - 20:15
 0  1
दिल्लीवासियों को सरकार की पहली एनिवर्सरी पर मिली बड़ी सौगात, 500 EV बसों से सफर होगा और भी सुहाना

दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान से आज दिल्लीवासियों को बड़ी सौगात मिली. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह कदम दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता को संबोधित करते हुए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने स्वीकार किया कि दिल्ली के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं, क्योंकि पिछले लंबे समय से बुनियादी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया था.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे पता है कि डगर मुश्किल है और काम बहुत ज्यादा है. लेकिन मैं दिल्ली की जनता को विश्वास दिलाती हूं कि आपके भरोसे को टूटने नहीं दूंगी. जो काम वर्षों से अटके हुए थे, उन्हें अब पूरी रफ्तार से पूरा किया जाएगा.”

‘दिल्लीवासियों के लिए बड़ा तोहफा’

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली की जनता का आभार जताया और कहा कि 27 साल के लंबे संघर्ष के बाद दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनी है. उन्होंने इन इलेक्ट्रिक बसों को दिल्लीवासियों के लिए एक तोहफे के रूप में बताया.

इन बसों के आने से मुख्य रूप से दो बड़े फायदे होंगे. पहला तो प्रदूषण में कमी होगी. दिल्ली की हवा को साफ रखने के लिए ई-बसें सबसे कारगर जरिया हैं क्योंकि इनसे धुआं नहीं निकलता.

ट्रैफिक जाम की समस्या से मिलेगी निजात

दूसरा ट्रैफिक जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी. नितिन नवीन ने कहा कि जब सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होती है, तो सड़कों पर निजी गाड़ियां कम निकलती हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या खुद-ब-खुद कम होने लगती है.

पिछली सरकार पर निशाना

नितिन नवीन ने अपने भाषण में पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि पिछली सरकार में सिर्फ कागज के घोड़े दौड़ते थे, यानी योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित थीं.

उन्होंने कहा, “पहले केवल बातें बनाने वाली सरकार थी, लेकिन रेखा गुप्ता की सरकार जमीन पर काम कर रही है. महज एक साल के कार्यकाल में दिल्ली की सड़कों पर विकास दिखने लगा है.”

यमुना का कायाकल्प

बीजेपी अध्यक्ष ने दिल्ली से जुड़ी अपनी पुरानी यादें ताजा करते हुए यमुना नदी की स्थिति पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा, “मैंने दिल्ली में पढ़ाई की है. एक वक्त था जब यमुना को नदी कहने में भी संकोच होता था. लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प और दिल्ली सरकार की लगन से यमुना की सफाई का काम युद्धस्तर पर जारी है.” उन्होंने हाल ही में छठ पूजा के दौरान यमुना की सुधरी हुई स्थिति पर संतोष व्यक्त किया.

आयुष्मान भारत योजना

उन्होंने पिछली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहले दिल्ली में रोका जाता था. लेकिन रेखा गुप्ता सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी देकर जनता को मुफ्त इलाज का हक दिया.

500 इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा सड़क पर उतरना दिल्ली की बदलती तस्वीर का संकेत है. सरकार का लक्ष्य अब केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि जनता की बुनियादी सुविधाओं जैसे साफ हवा, स्वच्छ यमुना और बेहतर परिवहन, को धरातल पर उतारना है.

हिंदी: What's Your Reaction?

हिंदी: Like हिंदी: Like 0
हिंदी: Dislike हिंदी: Dislike 0
हिंदी: Love हिंदी: Love 0
हिंदी: Funny हिंदी: Funny 0
गुस्सा गुस्सा 0
हिंदी: Sad हिंदी: Sad 0
हिंदी: Wow हिंदी: Wow 0