दिल्ली से 2.5 घंटे में तय होगा देहरादून तक का सफर, हाईवे बनकर तैयार, जानें किस दिन होगा उद्घाटन
दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-कटरा और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे 2026-27 तक शुरू होंगे। सफर 2.5 घंटे में, कनेक्टिविटी, पर्यटन और विकास को मिलेगी रफ्तार।
कार से सफर करने वाले यात्रियों को बहुत जल्द एक बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है. दरअसल, भारत के लोगों को 3 नए हाईवे की सौगात मिलने जा रही है इनमें – दिल्ली से देहरादून हाईवे, दिल्ली से कटरा हाईवे और दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेसवे शामिल है. इन हाईवे के शुरू होने से लंबी दूरी की यात्रा पहले से ज्यादा सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगी. खासकर दिल्ली से अलग-अलग राज्यों में जाने वाले यात्रियों को बहुत फायदा मिलेगा.
दिल्ली से देहरादून सिर्फ 2.5 घंटे में…
दिल्ली से देहरादून तक बनने वाला हाईवे लगभग पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है. जानकारी के मुताबिक, मार्च 2026 में इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. हाईवे शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून पहुंचने में अब 6 से 7 घंटे नहीं बल्कि सिर्फ 2.5 घंटे का समय लगेगा. यह हाईवे करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें भारत का सबसे लंबा 12 किलोमीटर का एलिवेटेड रोड बनाया गया है, जो राजाजी पार्क के ऊपर से निकलेगा.
कहां से होकर गुजरेगा दिल्ली- देहरादून हाईवे
परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि यह हाईवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा. इसका मतलब हुआ कि यूपी और उत्तराखंड के कई इलाकों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इस हाईवे के बनने से रास्ते में लगने वाला ट्रैफिक और जाम काफी हद तक कम होगा. यह हाईवे पर्यटन और व्यापार दोनों के लिहाज से काफी फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि देहरादून और आसपास के हिल स्टेशनों की यात्रा भी अब आसान हो जाएगी.
दिल्ली से कटरा का सफर 6-7 घंटे हो जाएगा
वहीं, दिल्ली से अमृतसर-कटरा हाईवे का काम अभी चल ही रहा है और 2027 तक ये पूरा भी हो जाएगा. फिलहाल दिल्ली से कटरा पहुंचने में करीब 10 से 12 घंटे लग जाते हैं, लेकिन हाईवे बन जाने के बाद यह दूरी केवल 6 से 7 घंटे में पूरी हो सकेगी. इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग 45 हजार करोड़ रुपये बताई गई है. यह हाईवे धार्मिक यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, क्योंकि कटरा जाने वाले लाखों श्रद्धालु हर साल सफर करते हैं.
दिल्ली से कूड़े का पहाड़ हटाने का प्लान
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली में कूड़े के पहाड़ हटाने के लिए केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को 3500 करोड़ रुपये दिए हैं. दिल्ली में तीन बड़ी डंपिंग साइटें हैं, जिन पर लंबे समय से राजनीति होती रही, लेकिन काम सही तरीके से नहीं हुआ. अब सरकार का लक्ष्य है कि इन तीनों डंपिंग साइटों को 2027 तक पूरी तरह खत्म कर दिया जाए.
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए करीब तीन लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं. वहीं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को 2027 के अंत तक जनता को समर्पित किया जाएगा और दिल्ली-अमृतसर-कटरा हाईवे अगले एक साल में तैयार होने की संभावना जताई गई है. इससे दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सफर और विकास दोनों को नई रफ्तार मिलेगी.
हिंदी: What's Your Reaction?
हिंदी: Like
0
हिंदी: Dislike
0
हिंदी: Love
0
हिंदी: Funny
0
गुस्सा
0
हिंदी: Sad
0
हिंदी: Wow
0
