बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा अपनी शानदार अदाकारी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने साल 2021 में फिल्म 'शेरशाह' में कैप्टन विक्रम बत्रा की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनके अभिनय प्रदर्शन की खूब सराहना हुई थी। कारगिल युद्ध के हीरो विक्रम बत्रा को शेरशाह के नाम से जाना जाता है। आज कैप्टन विक्रम बत्रा की 25वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर अभिनेता ने उन्हें याद किया है। सिद्धार्थ ने आज रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उनकी बहादुरी और सम्मान की विरासत की प्रशंसा की।

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने एक्स अकाउंट पर कैप्टन विक्रम बत्रा की एक पुरानी तस्वीर साझा कर उन्हें याद किया है। तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, आपके निडर कार्यों और सर्वोच्च बलिदान को इतिहास बने 25 साल हो गए हैं। आज भी आपकी विरासत बहादुरी और सम्मान के सर्वोच्च आदर्शों पर टिकी हुई है। 

उन्होंने आगे अपने पोस्ट में लिखा, 'हम आपको आज और हमेशा 'ये दिल मांगे मोर' के लिए याद करते हैं और सम्मान देते हैं। जय हिंद कैप्टन विक्रम बत्रा।' ट्विटर के साथ-साथ अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर भी कैप्टन विक्रम बत्रा के लिए पोस्ट साझा किया है। 

1999 में कारगिल युद्ध के दौरान, कैप्टन विक्रम बत्रा ने भारतीय सेना की जेएके आरआईएफ रेजिमेंट की 13वीं बटालियन से अपने सैनिकों का नेतृत्व किया। 7 जुलाई, 1999 को 24 साल की उम्र में पाकिस्तानी सेना से लड़ते हुए वे शहीद हो गए थे। इसके बाद कैप्टन बत्रा को सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। उनकी जीत का नारा 'ये दिल मांगे मोर' था।

हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में मनाया जाता है। इस साल इसकी 25वीं वर्षगांठ है। विष्णुवर्धन द्वारा निर्देशित फिल्म 'शेरशाह' 2021 में रिलीज हुई थी। इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कैप्टन विक्रम बत्रा और उनके जुड़वां भाई विशाल बत्रा की दोहरी भूमिका निभाई थी। फिल्म में सिद्धार्थ के साथ कियारा आडवाणी नजर आई थीं। उन्होंने फिल्म में कैप्टन बत्रा की मंगेतर डिंपल चीमा की भूमिका निभाई है।