अहमदाबाद, गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और 4 बार के विधायक जय नारायण व्यास, जिन्होंने इस महीने की शुरुआत में भाजपा छोड़ दी थी, अपने बेटे समीर व्यास के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं.  जय नारायण व्यास ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए कहा था कि कांग्रेस या आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने के लिए उनके विकल्प खुले हैं. व्यास और उनके बेटे समीर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस दौरान कांग्रेस के गुजरात प्रभारी अशोक गहलोत और केंद्रीय पर्यवेक्षक आलोक शर्मा भी मौजूद रहे. जय नारायण व्यास लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हुए थे. उन्होंने पार्टी में कई उतार-चढ़ाव भी देखे. जब केशुभाई पटेल और नरेन्द्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब जय नारायण व्यास दोनों की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. वह लंबे समय से बीजेपी से नाराज चल रहे थे, क्योंकि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था.