दमोह, दमोह में जंगली जीव लगातार रहवासी इलाकों में आ रहे हैं जिससे उनकी जान को तो खतरा रहता है साथ ही आम लोग भी दहशत में रहते हैं।शनिवार को दमोह वन परिक्षेत्र के रियाना गांव में एक जंगली सांभर घुस आया और अपनी जान बचाते हुए एक घर के समीप जा पहंुचा। जिससे अफरा, तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल ही वन विभाग को सूचना दी और वन अमले ने रेसक्यू कर सांभर को पकड़ा और डिपो में लाकर उसका इलाज कराया।
रियाना गांव में लोगों ने जैंसे ही सांभर को देखा तो वह उसे देखने के लिए पहंुच गए, लेकिन उसने उछल, कूद करना शुरू कर दिया जिससे ग्रामीण घबरा गए। सरपंच दर्शन सिंह लोधी ने बांदकपुर चौकी पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने वन विभाग को जानकारी दी।
दमोह डीएफओ एमएस उइके ने बताया कि रियाना गांव में एक जंगली सांभर घुस आया था। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहंुचा और रेसक्यू आपरेशन कर उसे पकड़कर दमोह डिपो लाया गया है। जहां उसका इलाज कराया जा रहा है उसके बाद उसे सुरक्षित अभयारण्य में छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि संभवत: जंगल से यह सांभर रिहायशी इलाके में आ गया और कुत्तों ने उसका पीछा किया इस दौरान वह घायल भी हो गया जिसका इलाज चल रहा है।

बता दें कि एक सप्ताह पहले इसी तरह एक तेंदुआ भी उन वन परिक्षेत्र कुम्हारी के पड़री गांव में घुस आया था। जिसने एक चौकीदार पर हमला किया था और इसके बाद उस तेंदुए की माैत भी हो गई थी। वन विभाग ने बताया था कि तेंदुआ बीमार था जबकि दूसरी बात यह सामने आई थी कि तेंदुए ने चौकीदार पर हमला कर अपने जबड़े में उसका हाथ दबा लिया था और चौकीदार की जान बचाने के लिए ग्रामीणों ने तेंदुए पर हमला किया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। हालांकि इस मामले की अभी जांच चल रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।